ब्रेकर्स एग्रो फ्रूड प्राइवेट लिमिटेड में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों ने हड़ताल कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ब्रेकर्स एग्रो फ्रूड प्राइवेट लिमिटेड में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों ने हड़ताल कर किया प्रदर्शन


सहायक श्रमायुक्त के आश्वासन पर काम पर लौटे श्रमिक

फतेहपुर, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में चौडगरा औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों की वेतन वृद्धि की मांग की आग फैलते हुए मंगलवार को दूसरी फैक्ट्री ब्रेकर्स एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड रावतपुर जीटी रोड तक पहुंच गई। फैक्ट्री के श्रमिकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कंपनी के गेट को घेर लिया और वेतन वृद्धि सहित स्वास्थ्य कार्ड बनवाने, पीएफ कटने व श्रम के घंटे कम करने को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

महिला-पुरुष श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर अभद्र भाषा का आरोप लगाते हुए बताया कि कंपनी के अधिकारी प्रतिदिन 12 घंटे श्रम लेते हैं और साप्ताहिक अवकाश भी नहीं देते हैं, ना ही कोई फंड या बोनस वार्षिक इंक्रीमेंट भी नहीं दिया जाता है और ना ही स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनवाते हैं। इन्हीं समस्याओं का समाधान हमारी लोगों की प्रमुख मांगे हैं।

सहायक लेबर कमिश्नर लालाराम करीब 04 घंटे के बाद फैक्ट्री पहुंचे और श्रमिकों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन से बात की। उन्होंने श्रमिकों को खुशखबरी देते हुए बताया कि आज से प्रतिदिन के हिसाब से 475 रुपये मिलेंगे और 08 घंटे की मजदूरी होगी, साप्ताहिक अवकाश भी दिया जाएगा और किसी श्रमिक को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने श्रमिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर कंपनी प्रबंधन कोई समस्या करता है तो श्रमिक हमारे ऑफिस आबू नगर फतेहपुर में आकर लिखित सूचना दे सकते हैं। साथ ही कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि किसी भी श्रमिक के साथ कोई नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए, न अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए। अगर ऐसा होता पाया जाएगा तो कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कंपनी की महिला श्रमिक रोशनी सिंह ने बताया कि हमें यह सुनकर बहुत अच्छा लगा कि प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर हमारी मांगों को सुना और उसका उचित निवारण किया। इसको सुनकर श्रमिक में खुश नजर आये।

कंपनी के प्रबंधक अतुल निगम ने बताया कि कंपनी में करीब 125 श्रमिक महिला-पुरुष कार्य करते हैं हमने श्रमिकों की मांगे सुनी, उनकी मांगों को पूरा करने पर विचार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story