हमीरपुर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से साक्ष्य एवं गवाही की सुविधा प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
हमीरपुर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से साक्ष्य एवं गवाही की सुविधा प्रारंभ


--न्यायिक प्रक्रिया होगी अधिक सुगम एवं प्रभावी

हमीरपुर, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक सुगम, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत कलेक्ट्रेट भवन के प्रथम तल पर कक्ष संख्या-6 में कार्यालय संयुक्त निदेशक अभियोजन, हमीरपुर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।

संयुक्त निदेशक अभियोजन, हमीरपुर एके राना ने बुधवार को बताया कि इस सुविधा के माध्यम से जनपद में निवासरत अथवा कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य साक्षीगण विभिन्न जनपदों की न्यायालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने साक्ष्य एवं गवाही दर्ज करा सकेंगे। इससे न्यायालयों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता में कमी आएगी तथा समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था के माध्यम से न्यायिक कार्यवाही को गति प्रदान करने के साथ-साथ साक्षियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया गया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन व्यक्तियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी जिन्हें अन्य जनपदों में लंबित वादों के संबंध में गवाही हेतु बार-बार यात्रा करनी पड़ती है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story