नेत्र शिविर से बदलेगी बच्चों की जिंदगी : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
नेत्र शिविर से बदलेगी बच्चों की जिंदगी : जिलाधिकारी


नेत्र शिविर से बदलेगी बच्चों की जिंदगी : जिलाधिकारी


कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के अंध विद्यालय में किए गए नेत्र परीक्षण का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है जिनकी दृष्टि वापस लाई जा सकती है। 105 बच्चों की जांच में 13 ऐसे बच्चे सामने आए हैं, जिनकी सर्जरी से रोशनी लौटने की संभावना है और प्रशासन इस दिशा में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेगा, ताकि इन बच्चों के जीवन में वास्तविक बदलाव आ सके।

यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही। उन्हाेंने कहा कि जिन बच्चों ने अब तक दुनिया को देखना केवल कल्पना में महसूस किया था, उनके लिए अब उम्मीद की एक नई किरण दिखाई देने लगी है। जिला प्रशासन के तत्वावधान में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर सूर्या और जेसीआई के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 105 दृष्टिबाधित बच्चों की गहन जांच की। इस दौरान 13 ऐसे बच्चों की पहचान की गई, जिनकी आंखों की रोशनी सर्जरी के माध्यम से वापस लाई जा सकती है। इनमें प्राथमिक कक्षाओं के छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जो जन्म से ही दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने कहा कि जनपद में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद इस तरह की पहल से जुड़ना उनके लिए प्रेरणादायक रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कार्य को आगे बढ़ाने में हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा। शिविर के दौरान वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. शालिनी मोहन ने बताया कि जिन बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है, उनका विस्तृत परीक्षण आगे भी किया जाएगा और आवश्यकतानुसार उनका इलाज कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में नियमित अंतराल पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बच्चों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम को सरल व सजीव बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के समापन के बाद अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए बच्चों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story