भाजपा बूथ अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के नाम पर उगाही का आरोप
मुरादाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के मूढापांडे ब्लॉक की ग्राम पंचायत मदनापुर में भाजपा बूथ अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री सामूहिक योजना (शादी अनुदान) के नाम पर उगाही का आरोप लगाने पर जमकर हंगामा हुआ। मौजूद नेताओं ने हस्तक्षेप किया पर शिकायतकर्ता अपनी बात पर अड़ा रहा। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने इस तरह के मामले की जानकारी से इनकार किया है।
ग्राम चौपाल में शिकायतें सुनने के दौरान मोहम्मद रफी और होराम सिंह ने अधिकारियों और भाजपा नेताओं के सामने बूथ अध्यक्ष पर सामूहिक विवाह योजना के फार्म के नाम पर 1500 रूपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। इतने में हंगामा शुरू हो गया। शिकायतकर्ता ने यहां तक कहा कि हमसे तो भाजपा के मदनापुर के बूथ अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना का फार्म भरवाने के लिए यह पंद्रह सौ रुपये इस बात के जाते है कि आपका नाम मुख्यमंत्री सामूहिक योजना में आ सके। इस पर भाजपा नेताओं ने समझाने की कोशिश की पर रफी ने कहा हमारे रुपए वापस करवाएं।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने बताया कि मेरी जानकारी में प्रकरण नहीं है। आरोप की सत्यता जब तक प्रमाणित नहीं हो इसमें कुछ नहीं कह सकता। जानकारी करूंगा कि आखिर बात क्या है। इसके बाद ही कुछ बोलूंगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

