अछल्दा रेलवे फाटक पर लगा भीषण जाम, आउटर पर रुकी एक्सप्रेस ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
अछल्दा रेलवे फाटक पर लगा भीषण जाम, आउटर पर रुकी एक्सप्रेस ट्रेन


औरैया, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा कस्बे में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग स्थित 13-बी रेलवे फाटक पर शनिवार सुबह भारी जाम लगने से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो गया। फाटक खुलने के बाद वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के चलते स्थिति बिगड़ गई, जिसके कारण एक एक्सप्रेस ट्रेन को आउटर सिग्नल पर रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सुबह 9:55 बजे गेटमैन ने रेलवे फाटक खोला था। फाटक खुलते ही बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल सवार, पैदल यात्री और भारी वाहन एक साथ निकलने लगे। जल्दबाजी और अव्यवस्था के कारण कुछ ही मिनटों में फाटक के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

इसी दौरान डाउन लाइन पर ट्रेन के आने का समय हो गया, लेकिन जाम की वजह से गेटमैन समय पर फाटक बंद नहीं कर सका। स्थिति को देखते हुए कानपुर से इटावा की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन को सुरक्षा के मद्देनजर आउटर के होम सिग्नल पर रोक दिया गया।

जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पीआरडी पुलिस और यातायात पुलिस पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को व्यवस्थित कराया और धीरे-धीरे जाम खुलवाया। करीब 10:06 बजे रेलवे फाटक को बंद किया जा सका, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया और रेल संचालन सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फाटक खुलते ही वाहनों की भीड़ और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों ने रेलवे फाटक पर बेहतर यातायात व्यवस्था और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story