गोरखपुर की खाद्य एवं औषधि लैब अन्य मंडलों की तुलना में बेहतर : सचिव रोशन जैकब
गोरखपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचिव आईएएस रोशन जैकब ने गुरुवार को गोरखपुर के नाथमालपुर स्थित क्षेत्रीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं, उपकरणों और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, संयुक्त आयुक्त (खाद्य) मुख्यालय हरिशंकर सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंजनी सिंह, सहायक आयुक्त राजकुमार गुप्ता, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (औषधि), औषधि निरीक्षक, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी समेत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही कार्यदायी संस्था यूपीएसआईडीसी के इंजीनियर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने प्रयोगशाला भवन, जांच उपकरणों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशाला भवन के निर्माण की उत्कृष्ट गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर की यह प्रयोगशाला प्रदेश के अन्य मंडलों की तुलना में बेहतर है।
जांच में तेजी लाने पर जोर
सचिव रोशन जैकब ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य एवं औषधि नमूनों की जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि रिपोर्ट समय से उपलब्ध हो सके और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शीघ्र हो।
नए भवन को तत्काल चालू करने के निर्देश
उन्होंने नवनिर्मित प्रयोगशाला भवन को तत्काल प्रभाव से संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे कार्य क्षमता में वृद्धि हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर बल
प्रयोगशाला परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सचिव ने तुरंत सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए।
कैंटीन और गेस्ट हाउस बनाने की योजना
अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए परिसर में कैंटीन और गेस्ट हाउस के निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सचिव के इस निरीक्षण से प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली में सुधार और जनहित से जुड़े मामलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

