मजबूत बूथों के दम पर चुनावी तैयारी में जुटे विस्तारक : शंकर लाल लोधी

WhatsApp Channel Join Now
मजबूत बूथों के दम पर चुनावी तैयारी में जुटे विस्तारक : शंकर लाल लोधी


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में समर्पण से काम करें और बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को मजबूत बनाएं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ कार्यकर्ता जनसंपर्क बढ़ाएं। यह बातें गुरुवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कही।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर बूथ संगठन को मजबूत करने के लिए विस्तारकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार को क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित बैठक में विस्तारकों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए विस्तारकों को रवाना किया गया।

शंकर लाल लोधी ने कहा कि चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ता योद्धा की भूमिका निभाते हैं। विस्तारक अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करें और पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाएं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही सशक्त संगठन का आधार है। ऐसे में विस्तारक पूरी निष्ठा, अनुशासन और निर्धारित कार्ययोजना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने के साथ पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक के बाद सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारक भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपने-अपने कार्यक्षेत्र के लिए रवाना हुए। बैठक का संचालन विस्तारक योजना के प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती ने किया। यह जानकारी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने प्रेस नोट जारी कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story