एआई और डेटा साइंस आज उद्योगों में नवाचार और जटिल समस्याओं के समाधान का प्रमुख आधार: प्रो. सुतावने

WhatsApp Channel Join Now
एआई और डेटा साइंस आज उद्योगों में नवाचार और जटिल समस्याओं के समाधान का प्रमुख आधार: प्रो. सुतावने


-ट्रिपल आईटी में शुरू होगा एग्जीक्यूटिव एम.टेक इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस

प्रयागराज, 29 मई (हि.स)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद ऑनलाइन मोड में एग्जीक्यूटिव एम.टेक इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसके संचालन हेतु संस्थान ने टीमलीज़ एडटेक लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता संस्थान की ओर से डॉ. मंदर सुभाष कार्यकर्ते, कुलसचिव द्वारा हस्ताक्षरित किया गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस आज उद्योगों में नवाचार और जटिल समस्याओं के समाधान का प्रमुख आधार बन चुके हैं। इस समझौते के माध्यम से संस्थान भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप पेशेवरों को उन्नत क्षमताओं से लैस करने के लिए एक सशक्त और प्रासंगिक शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम के समन्वयक, प्रो मनीष कुमार, विभागाध्यक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने बताया कि यह कार्यक्रम इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी अथवा संबंधित विषयों में स्नातक डिग्री रखने वाले पेशेवरों एवं विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। जिन अभ्यर्थियों को प्रोग्रामिंग एवं गणित का आधारभूत ज्ञान तथा कार्यानुभव होगा, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित एग्जीक्यूटिव एम.टेक कार्यक्रम दो वर्षीय ऑनलाइन पाठ्यक्रम होगा, जिसका उद्देश्य शिक्षार्थियों को ए आई, एमएल और डेटा साइंस के क्षेत्र में मजबूत सैद्धांतिक आधार के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है। पाठ्यक्रम में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान और अनुप्रयोगों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस अवसर पर गीतिका कोहली, अध्यक्ष, पार्टनरशिप एंड एलायंसेज, टीमलीज़ एडटेक ने कहा कि हमें इस प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए ट्रिपल आईटी के तकनीकी सेवा प्रदाता के रूप में सहयोग करते हुए प्रसन्नता हो रही है। ए आई और डेटा साइंस कार्यबल परिवर्तन के महत्वपूर्ण क्षेत्र बनते जा रहे हैं। ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम पेशेवरों को अपने करियर के साथ-साथ नई और प्रासंगिक क्षमताएं विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे।”

इस सहयोग के अंतर्गत टीमलीज़ एडटेक लिमिटेड कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन शिक्षण अवसंरचना एवं शिक्षार्थी सहभागिता सेवाएं उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के औपचारिक शुभारम्भ, प्रवेश प्रक्रिया एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी संस्थान द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।

ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ. पंकज मिश्र ने बताया कि यह सहयोग कार्यरत पेशेवरों के लिए उन्नत स्नातकोत्तर शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस का उपयोग ऑटोमेशन, एनालिटिक्स, निर्णय-निर्माण, ग्राहक सेवाओं, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, विनिर्माण तथा वित्तीय सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप लचीले एवं प्रासंगिक शिक्षण कार्यक्रमों की मांग भी निरंतर बढ़ रही है।

डॉ. मिश्र ने बताया कि टीमलीज़ एडटेक भारत की अग्रणी लर्निंग एवं एम्प्लॉयबिलिटी सॉल्यूशंस कम्पनियों में से एक है। यह संस्था उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर ऑनलाइन एवं ओडीएल कार्यक्रमों के संचालन, विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा कार्यबल कौशल उन्नयन के लिए कार्य करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story