गणेश चतुर्थी को लेकर मथुरा में उत्साह, सजीं भगवान गणेश की प्रतिमाएं
मथुरा, 13 सितम्बर(हि.स.)। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व से एक दिन पूर्व रविवार शाम शहर के बाजारों में भारी रौनक और उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रमुख बाजारों और रास्तों पर भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाओं की दुकानें सजी हुई थीं, जहां परिवार सहित पहुंचे लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार मूर्तियों की खरीदारी की।
पूरा शहर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा, जिससे चारों तरफ भक्तिमय और उत्सव का माहौल बन गया। घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में श्रीगणेश की स्थापना के लिए लोग अलग-अलग आकार, मुद्रा और आकर्षक डिजाइनों वाली प्रतिमाएं खरीदते नजर आए।
दुकानदारों के अनुसार, इस वर्ष गणेश चतुर्थी को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है। बाजार में इको-फ्रेंडली और पारंपरिक कलाकृतियों से सजी छोटी से लेकर बड़ी मूर्तियां उपलब्ध हैं। बाजार में गणेश प्रतिमाओं की शुरुआती कीमत करीब 150 रुपये है, जो कारीगरी और आकार के आधार पर पांच हजार रुपये तक पहुंच रही है। मांग बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
खरीदारी करने पहुंचीं स्थानीय निवासी हर्षलता सिंह ने बताया कि इस बार पर्व को लेकर उनके परिवार में विशेष तैयारियां की गई हैं। उनका छोटा बेटा पिछले कई दिनों से भगवान गणेश को घर लाने की जिद कर रहा था। परिवार ने मूर्ति के साथ-साथ विधि-विधान से पूजा और सजावट का आवश्यक सामान भी खरीदा है। गणेश चतुर्थी के इस पावन अवसर पर शहर के बाजारों में देर शाम तक भारी भीड़ बनी रही और कान्हा की नगरी पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगी नजर आई।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

