औरैया : ठेकेदार पर तय सीमा से अधिक खुदाई, खेतों में पानी भरने का डर

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : ठेकेदार पर तय सीमा से अधिक खुदाई, खेतों में पानी भरने का डर


औरैया, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लॉक स्थित धनऊपुर गांव में रजवाहा से सिल्ट उठान को लेकर बुधवार को किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया है। किसानों का आरोप है कि ठेकेदार ने तय सीमा से अधिक गहरी खुदाई कर दी है, जिससे रजवाहा की मेड़ और खेतों की मेड़ें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, ठेकेदार ने बुलडोजर का इस्तेमाल कर रजवाहा में तय गहराई से कहीं अधिक खुदाई की। इस दौरान रजवाहा की मेड़ें टूट गईं और किसानों के खेतों से अवैध रास्ता बनाकर उनकी मेड़ें भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं।

विशुन दयाल और रमेश सविता सहित अन्य किसानों ने इसे लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि मेड़ें कटने के कारण आगामी बरसात के मौसम में रजवाहा का पानी सीधे उनके खेतों में भर जाएगा। इससे सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक ठेकेदार क्षतिग्रस्त मेड़ों की पूरी तरह मरम्मत नहीं कराता और खेतों को पूर्व स्थिति में बहाल नहीं करता, तब तक रजवाहा में सिल्ट उठान का काम किसी भी कीमत पर शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

सिंचाई विभाग के जेई अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच करवाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि नियम विरुद्ध सिल्ट उठान करने पर ठेकेदार की सिक्योरिटी मनी का उपयोग कर रजवाहा की मेड़ों की मरम्मत कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story