सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट कार्य संभव : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट कार्य संभव : कुलपति


जौनपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के विश्वेश्वरैया सभागार में मंगलवार को इंजीनियर्स डे धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य के लिए हमेशा अधिक संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती। उपलब्ध सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग करके भी श्रेष्ठ परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार और भविष्य की चुनौतियों के लिए निरंतर कौशल विकास करने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि प्लेसमेंट की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को अपनी स्किल्स लगातार विकसित करनी चाहिए। वह केवल कार्यालय में बैठकर कार्य करने के लिए नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और समाधान का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर पोस्टर, डिबेट, इनोवेटिव आइडिया और रंगोली समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में श्रेयस प्रजापति एवं टीम, डिबेट में प्रतीक तिवारी एवं टीम, इनोवेटिव आइडिया में गणेश मौर्य तथा रंगोली में श्रेया, यश्वी एवं टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. रवि प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पूनम सोनकर, डॉ. विशाल यादव, प्रीति शर्मा, डॉ. रितेश बरनवाल, डॉ. पारुल त्रिवेदी, डॉ. संतोष त्रिपाठी सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story