पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का महाभियान गुरुवार से

WhatsApp Channel Join Now
पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का महाभियान गुरुवार से


बांदा, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई ग्रामीण सड़कों को दुरुस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रदेशभर में गुरुवार 1 अक्टूबर 2026 से चलने वाले इस अभियान के लिए सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है।

यदि आपके गांव की सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक दुरुस्त नहीं हुई है, तो आप जल सारथी ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क के दुरुस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जलनिगम ( ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है।

उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा जनपद बांदा के 649 राजस्व गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। आंशिक संचालित गांवों में पेयजलापूर्ति पूरी क्षमता पर शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया चल रही है। घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए जनपद में बिछाई गई पाइपलाइन तथा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का विवरण संकलित किया गया है।

जनपद बांदा में पेयजलापूर्ति के लिए कुल 6705 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 1481 किलोमीटर सड़क को तोड़ने/खोदने की आवश्यकता पड़ी। इनमें से 1476 किलोमीटर सड़क का मरम्मत/दुरुस्तीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष पांच किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए वृहद स्तर पर अभियान शुरू किया जा रहा है।

एक्सईएन जल निगम ग्रामीण बांदा विमल कुमार वर्मा ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जनपद बांदा में विभिन्न प्रकार की सड़कों को खोदने की आवश्यकता पड़ी। पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद अधिकांश सड़कों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जा चुका है। शेष सड़कों के पुनर्स्थापना कार्य के लिए एक अक्टूबर से प्रदेशभर में एक साथ वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्स्थापना एवं दुरुस्तीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story