परीक्षा की शुचिता और परिणाम की समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : कुलपति राकेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा की शुचिता और परिणाम की समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : कुलपति राकेश सिंह


परीक्षा की शुचिता और परिणाम की समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : कुलपति राकेश सिंह


जौनपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने आगामी स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 समितियों का गठन किया है। सोमवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कुलपति सभागार में हुई बैठक में परीक्षा संचालन से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने तक की जिम्मेदारियां तय की गईं।

बैठक में कुलपति ने कहा कि परीक्षा विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रक्रिया है। इसकी विश्वसनीयता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने तक प्रत्येक स्तर पर सावधानी बरती जाए। सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें, ताकि प्रक्रिया त्रुटिरहित ढंग से पूरी हो सके।

कुलपति ने उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव, मूल्यांकन केंद्रों की व्यवस्था, परीक्षकों के समन्वय, ओएमआर सत्यापन, ऑनलाइन उपस्थिति और परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने समिति संयोजकों को तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं के साथ ही मूल्यांकन कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा, जिससे परिणाम घोषित करने में अनावश्यक देरी न हो। वहीं, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने गठित समितियों की संरचना और उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विश्वविद्यालय की ओर से गठित समितियों में मूल्यांकन कार्य समिति का संयोजक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह को बनाया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के मूल्यांकन कार्य एवं परीक्षा परिणाम समिति की जिम्मेदारी डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह को दी गई है। संबद्ध महाविद्यालयों के डाटा प्रोसेसिंग एवं परीक्षा परिणाम घोषणा समिति के संयोजक डॉ. विशाल यादव होंगे।

इसी तरह आवास समिति की जिम्मेदारी मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह को सौंपी गई है। समन्वय एवं मूल्यांकन केंद्र समिति का संयोजक संजय शर्मा को बनाया गया है। ऑनलाइन उपस्थिति सत्यापन समिति का प्रभारी अतुल गुप्ता और मूल्यांकन केंद्र पर जलपान, स्वच्छता तथा विद्युत एवं जनरेटर व्यवस्था समिति का प्रभारी श्याम त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा उपस्थिति एवं उत्तर पुस्तिका प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी डॉ. नृपेन्द्र सिंह, उत्तर पुस्तिका आवंटन एवं संग्रहण समिति का प्रभार नीरज कुमार तथा परीक्षा अंक प्रमाणीकरण एवं ओएमआर सत्यापन समिति का संयोजक डॉ. संजीव गंगवार को बनाया गया है।

बैठक में गठित विभिन्न समितियों के प्रभारी और सदस्य उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story