स्मार्ट सिटी : नामांतरण से लेकर पार्किंग व्यवस्था तक उठे कई सवाल, मिला आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
स्मार्ट सिटी : नामांतरण से लेकर पार्किंग व्यवस्था तक उठे कई सवाल, मिला आश्वासन


झांसी, 24 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने सबसे पहले भवन नामांतरण शुल्क में हुई बढ़ोत्तरी का मुद्दा उठाया और कहा कि पहले इसकी अधिकतम सीमा 5 हजार रुपये थी, जबकि अब इसे रजिस्ट्री मूल्य का एक प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने शहर की खराब सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही नगर निगम में कथित डीजल घोटाले की जांच की स्थिति स्पष्ट करने की भी बात कही। शहर में अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, बिना सूचना पट के वसूली और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत रखी गई साइकिलों के गायब होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

ट्रैफिक समस्या, विशेषकर इलाइट चौराहे पर अव्यवस्था और बढ़ते चालानों को लेकर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की। पार्कों के ओपन जिम के रखरखाव, वाटर एटीएम की खराब स्थिति और गुलाम गौस खां पार्क के गेट नंबर 2 को खोलने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई।

नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान इम्तियाज हुसैन, मुकेश अग्रवाल, अनिल रिछारिया, शैलेन्द्र शीलू, पवन गुप्ता, अमीर चंद आर्य, उमा चरण वर्मा, रोबेश, महमूद और मजहर अली सहित कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story