पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने जीवन भर हिन्दुस्तानियत को किया मजबूत : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने जीवन भर हिन्दुस्तानियत को किया मजबूत : अखिलेश यादव


लखनऊ, 24 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में शुक्रवार को पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी की जयंती सादगी से मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुरैशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अखिलेश ने कहा कि अजीज कुरैशी साहब ने जीवन भर हिन्दुस्तानियत को मजबूत किया। पूरे जीवन गंगा-जमुनी तहजीब और मिलीजुली संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कभी कुर्सी और पद की परवाह नहीं की, राजनीतिक जोखिम लिया। अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वे जीवन भर सेकुलर ताने बाने को मजबूत करते रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को लेकर नेताजी मुलायम सिंह यादव, मोहम्मद आजम खां और बहुत से लोग सोचते थे कि विश्वविद्यालय कब शुरू होगा। एक्ट कब लागू होगा? जब अजीज कुरैशी लखनऊ राजभवन में राज्यपाल बनकर आये तो उन्होंने ऐतिहासिक फैसला लिया और विश्वविद्यालय एक्ट पास हो गया। जो दस्तखत कोई नहीं कर रहा था, वह कुरैशी ने किया। उन्हें बहुत सारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने समाज में भाईचारा बढ़ाने का काम किया। आज हम सब उन्हें याद कर रहे हैं। उनके कई सहयोगी साथी साथ में काम कर रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story