शहनाई से पहले लगी आग,सब कुछ खाक

WhatsApp Channel Join Now
शहनाई से पहले लगी आग,सब कुछ खाक


लखीमपुर खीरी, 16 अप्रैल(हि.स.)। जनपद लखीमपुर खीरी के तहसील पलिया कलां मझगई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेला खुर्द स्थित मजरा बेला टॉपर में गुरूवार को शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी ने पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में शादी के लिए जुटाया गया लाखों का सामान, टेंट, गद्दे और कुर्सियां जलकर राख हो गईं। मलबे के ढेर को देख परिजन सुध-बुध खो बैठे और सदमे के कारण बेहोश हो गए।

जानकारी के अनुसार, बेला टॉपर निवासी राजकुमार की 18 वर्षीय पुत्री मिश्री की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और हलवाई खाना तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जलते हुए चूल्हे से एक चिंगारी उठी और पास ही लगे टेंट के पर्दे में जा लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरा शादी का मंडप आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाना मुश्किल था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। पीड़ित राजकुमार के साथ-साथ सुनील कुमार और अंकेश का भी भारी नुकसान हुआ है। अपनी आंखों के सामने बेटी की शादी का सामान जलता देख परिवार के लोग बदहवास हो गए और सदमे में बेहोश हो गए, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से सीएससी भेजा गया। ग्रामीणों का कहना है कि आग इतनी भयावह थी कि किसी को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। जिससे सारा सामान जल गया। पीड़ित परिवार अब शासन-प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story