हर पात्र का नाम होगा मतदाता सूची में दर्ज : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
हर पात्र का नाम होगा मतदाता सूची में दर्ज : जिलाधिकारी


कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रत्येक आवेदन का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। प्रकाशित आलेख्य सूची की उपलब्धता, फॉर्म-6 व फॉर्म-8 की स्थिति तथा मतदाताओं की उपस्थिति पर विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। यह बातें रविवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘बूथ-दिवस’ पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जय नारायण विद्या मंदिर स्थित बूथ संख्या 236 से 242 तथा कंपोजिट विद्यालय, पुराना कानपुर स्थित बूथ संख्या 296 से 305 पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया को परखा।

उन्होंने मौके पर मौजूद मतदाताओं से संवाद कर अपील की कि वे अपना नाम सूची में अवश्य जांच लें और यदि कोई त्रुटि हो तो तत्काल आवेदन करें। बूथ पर पहुंचने वाले नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने और प्रक्रिया को सरल रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ईआरओ/एसीएम-6 आलोक कुमार गुप्ता सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story