हर बीडीओ अपने क्षेत्र के 10 विकास कार्यों काे मौके पर जांचें : महेंद्र सिंह तंवर
कानपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी खंड विकास अधिकारी अपने क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों की मौके पर जाकर नियमित निगरानी करें और 10-10 विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता व प्रगति की जांच करें। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा में मानव दिवस सृजन, श्रमिकों की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी की स्थिति देखी गई। जिलाधिकारी ने मानव दिवस सृजन में सुधार लाने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र लोगों को समय से लाभ देने के साथ निर्माणाधीन आवासों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
कन्या सुमंगला योजना के लंबित मामलों में सभी उप जिलाधिकारियों को संबंधित खंड विकास अधिकारियों से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में अधूरे आंगनबाड़ी भवनों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सामूहिक विवाह योजना, उचित दर दुकानों और पूर्ति विभाग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

