ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों से जुड़ने का माध्यम : रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों से जुड़ने का माध्यम : रमेश अवस्थी


कानपुर, 20 मई (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उनके विचार और श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश आज भी लोगों को धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। यह बातें बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने साकेत नगर स्थित दीप पीवीआर सिनेमा में फिल्म ‘कृष्णावतारम’ के विशेष नि:शुल्क प्रदर्शन के दौरान कहीं।

सांसद की ओर से आयोजित इस विशेष शो में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय परिवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। सांसद रमेश अवस्थी ने स्वयं कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठकर फिल्म देखी।

फिल्म ‘कृष्णावतारम’ के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संघर्ष, नीति, धर्म और मानवता के संदेशों को दर्शाया गया। उपस्थित लोगों ने फिल्म को सराहा और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। सांसद अवस्थी ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में युवाओं का अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव बनाए रखना बेहद जरूरी है। धार्मिक विषयों पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को भारतीय इतिहास, संस्कृति और परम्पराओं को समझने का अवसर प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम में भाजपा कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक राकेश सोनकर, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी, रामदेव शुक्ल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story