यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू


पायलट प्रोजेक्ट से पांच जिलों में हो रहा मूल्यांकन: सचिव भगवती सिंह

--पहले दिन 80 फीसदी परीक्षकों ने शुरू किया मूल्यांकन: जेडी

--बाहरी व्यक्तियों एवं मोबाइल लें जाने पर लगा प्रतिबंध

प्रयागराज, 18 मार्च (हि.स.)। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा सम्पन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो गया है। प्रदेश भर में निर्धारित किए गए 250 मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन किया जा रहा है। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल लगभग 50 लाख, छात्र-छात्राओं की करीब पौने तीन करोड़ कापियों का मूल्यांकन परीक्षकों ने शुरू कर दिया है। कापियों का मूल्यांकन एक अप्रैल को पूरा होगा।

प्रयागराज के जेडी आरएन विश्वकर्मा और डीआईओएस पीएन सिंह ने आज मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिया है। आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि प्रयागराज मंडल में कुल 21 मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर की कापियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज जिले में सबसे अधिक 10 और फतेहपुर और प्रतापगढ़ जिले में पांच-पांच और कौशाम्बी में एक मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आज पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों की 80 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई है। उन्होंने कहा है कि केंद्रों पर परीक्षकों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रयागराज के डीआईओएस प्रयागराज पीएन सिंह ने बताया कि जिले में 10 मूल्यांकन केंद्रों पर आज से मूल्यांकन शुरू हो गया है। प्रयागराज में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की कुल 12,24,788 कापियों का मूल्यांकन छह हजार से अधिक परीक्षक करेंगे। मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में मूल्यांकन कराया जा रहा है। परीक्षकों के लिए भी मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। मूल्यांकन केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य में नियुक्त अध्यापकों और कार्मिकों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। जिले स्तर पर मूल्यांकन कार्यों में प्रभावी निगरानी के लिए सभी जिलों में पर्यवेक्षक नियुक्त कर किए गए हैं। प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर डीएम की ओर से स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि कापियों का मूल्यांकन सभी केन्द्रों पर शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत पांच जिलों प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी और गोरखपुर में पारम्परिक व्यवस्था के साथ साथ यूपी बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन अंक अपलोड किए जाने की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन की निष्पक्ष और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story