शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए पहचान पत्र जरूरी : शशांक चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए पहचान पत्र जरूरी : शशांक चौधरी


अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अमेठी जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर मतदाताओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के पास निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (EPIC) उपलब्ध नहीं है, वे आयोग द्वारा स्वीकृत वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रम, स्थानीय निकाय अथवा निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र शामिल हैं।

इसके अलावा सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता शिक्षक वाले शैक्षिक संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा यूडीआईडी (UDID) कार्ड भी मान्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि मतदान दिवस पर अपने साथ निर्धारित वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं, ताकि पहचान सत्यापन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की भी अपील किया ।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story