जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम की दिलाई शपथ, जागरूकता रैली को किया रवाना
फर्रूखाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम एवं व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को रवाना किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं, छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे, जलभराव नहीं होने देंगे, मच्छरों के पनपने के स्थानों को समाप्त करेंगे तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी एवं नियमित रूप से संचालित किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि यह अभियान निर्धारित अवधि तक जनपद में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत घर-घर सर्वेक्षण, दवा वितरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस अवसर पर अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

