रामनगर नगर पंचायत में चेयरमैन का प्रतिनिधि बनकर हस्तक्षेप का आरोप, ईओ ने पुलिस को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
रामनगर नगर पंचायत में चेयरमैन का प्रतिनिधि बनकर हस्तक्षेप का आरोप, ईओ ने पुलिस को लिखा पत्र


बाराबंकी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पंचायत रामनगर में सरकारी निर्माण कार्यों में कथित हस्तक्षेप और कर्मचारियों पर दबाव बनाने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने 16 अक्टूबर 2026 को उच्च अधिकारियों समेत थाना रामनगर के प्रभारी निरीक्षक को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है। पत्र में दयाशंकर तिवारी पर चेयरमैन का प्रतिनिधि बताकर निकाय के कार्यों में हस्तक्षेप करने तथा उनके पुत्र सचिन तिवारी पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर निर्देश देने के दौरान विवाद और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

अधिशासी अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र के मुताबिक, दयाशंकर तिवारी पर सरकारी योजनाओं के कार्यों में हस्तक्षेप करने, कर्मचारियों पर दबाव बनाने तथा सरकारी अभिलेख और दस्तावेज प्राप्त करने का प्रयास करने के आरोप लगाए गए हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासन के निर्देशों के अनुसार निकाय के दैनिक कार्यों में अध्यक्ष के प्रतिनिधि का हस्तक्षेप वर्जित है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर हुआ विवाद

पत्र में उल्लेख है कि 16 अक्टूबर को 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट से वार्ड काजीआबाद-01 में विजय मौर्य के मकान से बड़ी बाजार पुलिया तक कराए जा रहे सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दयाशंकर तिवारी के पुत्र सचिन तिवारी ठेकेदार के सुपरवाइजर के रूप में कार्य करते पाए गए। अधिशासी अधिकारी के अनुसार, निर्माण कार्य की गुणवत्ता सही रखने के निर्देश दिए जाने पर कथित तौर पर मारने-पीटने की धमकी दी गई।

कार्यालय में प्रवेश पर प्रतिबंध का भी जिक्र

अधिशासी अधिकारी ने पत्र में आरोपित गतिविधियों से निकाय के कार्यों में बाधा उत्पन्न होने की बात कही है। पत्र के अनुसार, दयाशंकर तिवारी पुत्र गया प्रसाद तिवारी और सचिन तिवारी पुत्र दयाशंकर तिवारी, निवासी वार्ड लखरौरा-1, नगर पंचायत रामनगर को नगर पंचायत कार्यालय आने से प्रतिबंधित किए जाने का उल्लेख किया गया है।

पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बाराबंकी, अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, क्षेत्राधिकारी रामनगर सहित संबंधित लोगों को भी भेजी गई है।

फिलहाल, पत्र में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों का जवाब सामने नहीं आया है। कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने बताया ईओ ने व्यक्तिगत फ़ोन कर जानकारी दी है प्रार्थना पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762258 Articles

Share this story