यूपी कैटेट-2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
यूपी कैटेट-2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन


कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में कृषि शिक्षा के बढ़ते महत्व को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों में दाखिला पाने का रास्ता खुल गया है। अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। यह परीक्षा हजारों छात्रों को उच्च कृषि शिक्षा से जोड़ने का माध्यम बनेगी। “इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के जरिए प्रदेश के विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा में बेहतर अवसर मिलते हैं यह बातें बुधवार को बुधवार को कुलसचिव रेनू सिंह ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलसचिव रेनू सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिक प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट) -2026 की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 मार्च से प्रारम्भ होकर 30 अप्रैल तक किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर, आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम मेरठ, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बांदा और महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुशीनगर में संचालित स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।

कुलसचिव के अनुसार परीक्षा का आयोजन 10 और 11 जून को प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बांदा, कानपुर, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, झांसी, लखनऊ, बरेली और गोरखपुर समेत कई शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

परीक्षा से सम्बंधित पाठ्यक्रम, सीटों की संख्या, आरक्षण व्यवस्था, शुल्क और परीक्षा पैटर्न की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि आधुनिक तकनीक और शोध के चलते कृषि क्षेत्र में कैरियर की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे इस वर्ष बड़ी संख्या में आवेदन आने की उम्मीद है।

उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, इसलिए समय रहते आवेदन करें और वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story