पीईटी परीक्षा के चलते जौनपुर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
जौनपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इन तीनों तिथियों पर सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
यातायात प्रभारी सुशील तिवारी ने शनिवार शाम जारी विज्ञप्ति में बताया कि परीक्षा के दौरान शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को आठ प्रमुख स्थानों पर रोका जाएगा। इनमें पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास, कुत्तुपुर तिराहा और हौज टोल प्लाजा शामिल हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, इन स्थानों से शहर की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए दूध, सब्जी, दवा, गैस, डीजल और पेट्रोल ले जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित तिथियों पर यातायात व्यवस्था का पालन करने और असुविधा से बचने के लिए आवश्यक सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

