उद्यमिता और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध भारत : कश्मीरी लाल

WhatsApp Channel Join Now
उद्यमिता और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध भारत : कश्मीरी लाल


कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। ‘अर्न व्हाइल यू लर्न’ की भावना के साथ युवा उद्यमिता को जीवन का लक्ष्य बनाएं और सफल उद्यमियों को अपना आदर्श मानकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। यह बातें मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राष्ट्रीय प्रचारक एवं अखिल भारतीय संगठक, स्वदेशी जागरण मंच के कश्मीरी लाल ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के दीनदयाल सभागार में स्वदेशी जागरण मंच एवं सीएसजेएमआईएफ के तत्वावधान में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन ‘युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। कश्मीरी लाल ने कहा कि रोजगार मांगने के साथ रोजगार देने की क्षमता विकसित करना ही आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

युवाओं को विज्ञापन जगत की लोकप्रिय हस्तियों के बजाय उन उद्यमियों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने अपने उद्योग खड़े कर रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी और स्वावलंबन को अपनाकर ही नए और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा मजबूत की जा सकती है।

विशिष्ट अतिथि भवानी भीख तिवारी ने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में ‘पांच परिवर्तन’ और ‘स्व’ के बोध पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वभूषा, स्वभाषा, स्वभोजन, स्वभ्रमण और स्वभवन को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। युवाओं से कहा कि उन्हें साधारण नहीं, बल्कि उदाहरण बनना है।

स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख प्रवीण मिश्र ने कहा कि युवाओं में उद्यमिता और स्वावलंबन की भावना बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. विशाल अवस्थी ने कहा कि यदि सभी लोग नौकरी मांगने वाले बन जाएंगे तो नौकरी देने वाला कौन होगा। उन्होंने स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को मजबूत अर्थतंत्र के लिए जरूरी बताया।

कार्यक्रम में सफल स्टार्टअप और उद्यम स्थापित करने वाले 25 उद्यमियों को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र दिए गए। मंच संचालन प्रभाकर सिंह ने किया और ‘गांव-शहर की एक पुकार—उद्यमिता और स्वरोजगार’ का संदेश दिया। धन्यवाद प्रान्त सह संयोजक केशव बाजपेई ने किया।

इस दौरान सीएसजेएमआईएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दिव्यांश शुक्ला, उपेंद्र त्रिपाठी, रश्मि सविता, अमरदीप मिश्रा, नितेश कुमार, रमेश यादव, सीए सिद्धार्थ अग्रवाल, अक्षय मिश्रा, शोभित मिश्रा, अमोल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story