टाइड एवं अनटाइड ग्रांट से स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
टाइड एवं अनटाइड ग्रांट से स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं : जिलाधिकारी


मुरादाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)।

जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय निकायों में टाइड एवं अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासनादेश में निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय निकायों में विकास कार्यों के साथ-साथ ऐसे कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाए, जिनसे निकायों की आय में वृद्धि हो और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानीय निकाय क्षेत्रों में बारातघर उपलब्ध नहीं हैं, वहां बारातघर निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। वहीं, जिन निकायों में बारातघर पहले से संचालित हैं, वहां आवश्यकतानुसार उनका सौंदर्यीकरण एवं सुविधाओं का विस्तार कराया जाए।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि इससे स्थानीय निकायों को राजस्व प्राप्त होगा तथा नागरिकों को भी सुविधाजनक एवं बेहतर आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत सभी कार्य 31 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाएं। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानीय निकायों में दुकानें एवं अन्य व्यावसायिक परिसंपत्तियां विकसित की जानी हैं, वहां ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि इन परियोजनाओं से राजस्व सृजन के साथ-साथ आमजन को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

बैठक में स्थानीय निकायों द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय निकायों में गौशालाओं के संचालन की स्थिति के बारे में भी समीक्षा की।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों एवं स्थानीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story