आगामी त्याेहार पर निगम की बसों का हो व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन : दयाशंकर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
आगामी त्याेहार पर निगम की बसों का हो व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन : दयाशंकर सिंह


आगामी त्याेहार पर निगम की बसों का हो व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन : दयाशंकर सिंह


लखनऊ, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने परिवहन निगम के अधिकारियों को आगामी त्योहार कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन के संबंध में निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि चालक यात्रियों से मृदुल व्यवहार करें।

परिवहन मंत्री ने कहा कि वाहनों को तत्काल निर्धारित 31 एवं 13 बिन्दुओं के मानक के अनुसार भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण कराया जाये तथा परीक्षण में पायी गयी कमियों का निराकरण कार्य तत्काल कराना सुनिश्चित करें। फिटनेस की स्थिति में वाहनों का संचालन किया जाये।

परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि वाहनों को ऑन रोड स्थिति में रखते हुए शत प्रतिशत संचालन हेतु हमेशा तैयार रखा जाये। निगम की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को परिवहन सुविधा के साथ ही बस अड्डों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, सुलभ शौचालय की साफ सफाई आदि की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाये तथा बस स्टेशनों में स्थित शौचालयों के पास चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाये।

बसों के शीशे टूटे न हो एवं सीट फटी हुई न हो इसके लिए वाहनों को मार्ग पर भेजने से पूर्व निरीक्षण के साथ साफ-सुथरी स्थिति में बसों को संचालित कराया जाये। परिवहन मंत्री ने कहा कि समस्त यात्रियों से मृदुल व्यवहार किये जाने हेतु समस्त चालकों के साथ बस स्टेशनों पर तैनात समस्त स्टाफ को निर्देशित किया जाये तथा चालकों को समय-समय पर यात्रियों से मृदुल व्यवहार किये जाने हेतु प्रशिक्षित भी किया जाये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story