यूपी टी-20 लीग के मैचों में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं का रखें ध्यान : मंडलायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
यूपी टी-20 लीग के मैचों में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं का रखें ध्यान : मंडलायुक्त


कानपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। यूपी टी-20 लीग के मैचों के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और शहर में आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। यह बातें मंगलवार को मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने मंडलायुक्त सभागार में यूपी टी-20 लीग की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कहीं।

ग्रीन पार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 28 अगस्त से छह सितंबर तक होने वाले उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के 12 मैचों और फाइनल मुकाबले की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मैचों के दौरान स्वच्छता, बिजली, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को ग्रीन पार्क स्टेडियम और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ सीवर व नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। बंदरों और आवारा कुत्तों से संबंधित समस्या से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा स्टेडियम के आसपास कूड़ा एकत्र न होने देने को कहा। पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने केस्को अधिकारियों को स्टेडियम का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को दूर करने और मैचों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर समेत वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए।

वन विभाग को स्टेडियम और आसपास के पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई तथा झाड़ियों की सफाई कराने को कहा गया, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न हो।

मंडलायुक्त ने पुलिस और यातायात विभाग को मैच के दिनों के लिए प्रभावी यातायात योजना तैयार करने, स्टेडियम के आसपास यातायात सुचारु रखने और पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को स्टेडियम में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा अग्निशमन विभाग को स्टेडियम और आसपास का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालयों की साफ-सफाई समेत अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि लीग के दौरान देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों के सामने शहर की बेहतर छवि प्रस्तुत हो, इसके लिए सभी विभाग जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी यातायात रविंद्र कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, यूपी टी20 लीग के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर, नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिन शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story