इंजीनियर के इकलौते बेटे का शव फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट मिलने से मामला बना रहस्यमय
बांदा, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा शहर के बिजली खेड़ा मोहल्ले में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक इंजीनियर के इकलौते बेटे का शव घर की छत पर बने बरामदे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।
शहर के बिजली खेड़ा मोहल्ला निवासी तोताराम जो कानपुर नगर निगम में एई के पद कार्यरत हैं उनके 26 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के साथ घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में केवल एक पंक्ति लिखी मिली मुझे उसकी इज्जत से नहीं खेलना चाहिए था। इस संक्षिप्त संदेश ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नोट में लिखे गए शब्द से किस व्यक्ति की ओर संकेत किया गया है और इसके पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टाक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की सत्यता की भी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके करीबी लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं मृतक के पिता का कहना है कि वह कानपुर नगर निगम में एई के पद पर तैनात है। उसका पुत्र बीए आईटीआई किए था। मृतक चार बहनाें के बीच में इकलौता था। फांसी लगाने का कारण अज्ञात है। मृतक के पिता ने भी सुसाइड नोट मिलने से इंकार कर दिया और बताया कि उसके पुत्र का किसी से प्रेम प्रसंग था उसे इस मामले की जानकारी नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

