रोजगार मेलों से युवाओं को मिल रहे करियर और स्वरोजगार के अवसर : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
रोजगार मेलों से युवाओं को मिल रहे करियर और स्वरोजगार के अवसर : सांसद


कानपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में रोजगार मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता के दम पर नौकरी पाने का अवसर मिलता है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर युवा स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने गोविंद नगर स्थित डीबीएस डिग्री कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में कही।

‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के तहत प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर और डीबीएस डिग्री कॉलेज, गोविंद नगर की ओर से आयोजित मेले में 35 कंपनियों ने भाग लिया। जिसमें 2493 अभ्यर्थियों में से 1027 का शैक्षिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी, गोविंद नगर विधायक प्रतिनिधि डीके मैथानी, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा और डीबीएस कॉलेज की संरक्षिका मेघना श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

प्राचार्य ने अतिथियों, नियोजकों और छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो। डीके मैथानी ने प्रदेश सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को पढ़ाई पूरी करने के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन कार्यालय और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय जरूरी है। कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने कौशल को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।

सहायक निदेशक सेवायोजन, कानपुर मंडल उज्ज्वल कुमार सिंह ने रोजगार संगम पोर्टल, सेवामित्र एप, विदेशों में रोजगार के अवसर और आउटसोर्सिंग भर्ती समेत विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवायोजन विभाग उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं और परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में मेघना श्रीवास्तव ने अतिथियों, नियोजकों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story