शक्ति केंद्र और बूथ संगठन के बल पर पार्टी काे चुनावों में मिलती है सफलता : अजय कुमार दुबे

WhatsApp Channel Join Now
शक्ति केंद्र और बूथ संगठन के बल पर पार्टी काे चुनावों में मिलती है सफलता : अजय कुमार दुबे


देवरिया, 24 मई (हि.स.)। जनपद के भाटपार रानी मंडल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सभी शक्ति केंद्रों पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का मुख्य उद्देश्य शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना तथा आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।

भाटपार रानी मंडल के शक्ति केंद्र बड़कागांव में जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र और बूथ संगठन की सबसे मजबूत इकाई हैं और इन्हीं के बल पर पार्टी चुनावों में सफलता प्राप्त करती है।

बैठक में भाजपा नेता सुरेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए संगठनात्मक मजबूती बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

बड़कागांव में आयोजित बैठक में मंडल अध्यक्ष विशंभर पांडेय, अशोक तिवारी, अभय प्रताप तिवारी, रमेश पटेल, रामप्रीत पाल, आशीष पटेल, सुरजन सिंह, गंगा सागर पटेल, अनिल बारी तथा रमाशंकर पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसी क्रम में अन्य शक्ति केंद्रों पर भी बैठकें आयोजित की गईं। जगहथा में भाजपा नेता राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं खामपार में डॉ. अरविंद सहाय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

इसके अलावा शंकरपुरा, कोड़रा, बेलपार पंडित, भाटपार रानी नगर प्रथम तथा नगर द्वितीय समेत विभिन्न शक्ति केंद्रों पर भी बैठकें सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जहां कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story