कौटिल्य परिषद की आकस्मिक बैठक: ‘पंडिताइन’ फिल्म के निर्माता-निर्देशक पर कड़ी कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कौटिल्य परिषद की आकस्मिक बैठक: ‘पंडिताइन’ फिल्म के निर्माता-निर्देशक पर कड़ी कार्रवाई की मांग


गोरखपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। कौटिल्य परिषद की एक महत्वपूर्ण आकस्मिक बैठक आज अपराह्न 2 बजे चारुचंद्रपुरी स्थित कैम्प कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के संस्थापक सदस्य श्री शिवाजी शुक्ला ने की। बैठक में ‘पंडिताइन’ शीर्षक फिल्म को लेकर ब्राह्मण समाज में व्याप्त आक्रोश और उससे उत्पन्न सामाजिक तनाव पर गहन चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक एवं उनसे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर संतोष व्यक्त किया। परिषद के पदाधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार की फिल्में समाज में वैमनस्यता और जातीय द्वेष को बढ़ावा देती हैं, जो सामाजिक समरसता के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट और रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

परिषद के सदस्यों ने बताया कि ‘पंडिताइन’ फिल्म के शीर्षक एवं विषयवस्तु को लेकर ब्राह्मण समाज में व्यापक रोष है। कौटिल्य परिषद द्वारा पूर्व में मंडलायुक्त, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी। अब मुकदमा दर्ज होने के बाद परिषद ने प्रशासन का आभार जताया है।

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री शिवाजी शुक्ला ने सभी सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता का ही परिणाम है कि आज यह कार्रवाई संभव हो सकी है। उन्होंने समाज के लोगों से एकता बनाए रखने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन इंजीनियर अभिजीत पाठक ने किया। इस अवसर पर श्रीकांत मिश्रा, महेंद्र मोहन तिवारी, राणा पाठक, संजय पांडे, के.के. तिवारी, विजय मिश्रा, हर्ष मिश्रा, डब्लू पांडे, शांतनु पांडेय, अपरनेश राम त्रिपाठी, शिवम चतुर्वेदी, प्रिंस भट्ट, संजय कुमार शुक्ला, अंशुमान पाठक, सी.पी. राय, अविनाश भट्ट, अतुल मिश्र, सुमित पांडेय, नितेश मिश्र, अनूप मिश्रा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story