गुरु पूर्णिमा पर संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का लें संकल्प : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
गुरु पूर्णिमा पर संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का लें संकल्प : अनिल दीक्षित


कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता, सौहार्द और समानता को मजबूत बनाया जा सकता है। यह बातें बुधवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की ओर से जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में ब्रह्मनगर स्थित ईदगाह चौराहा मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ संत रविदास जी को नमन किया।

इस अवसर पर संत रविदास जी महाराज के जीवन, उनके विचारों तथा सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण किया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त की गई। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी रोहित राज सहित समाज के सात लोगों को माल्यार्पण कर पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। भाजपा कानपुर उत्तर की ओर से सभी सम्मानितजनों का स्वागत करते हुए सामाजिक सौहार्द, सम्मान और समरसता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन अवधेश सोनकर ने किया, जबकि आयोजन का संयोजन किरण तिवारी ने किया।

इस दौरान जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, शालिनी कटियार, सत्यम गुप्ता, रामजी गुप्ता, शैल शुक्ला, मोनेन्द्र राजपूत, रीता पासवान, पार्षद आलोक पांडेय, अक्षय त्रिवेदी, अनुराग त्रिपाठी, स्पर्श कटियार, सुमन सक्सेना एवं राजू बाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story