संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें, साइबर फॉरेंसिक की समझ भी विधि छात्रों के लिए जरूरी : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें, साइबर फॉरेंसिक की समझ भी विधि छात्रों के लिए जरूरी : कुलपति


संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें, साइबर फॉरेंसिक की समझ भी विधि छात्रों के लिए जरूरी : कुलपति


संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें, साइबर फॉरेंसिक की समझ भी विधि छात्रों के लिए जरूरी : कुलपति


जौनपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उतर प्रदेश के जौनपुर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जौनपुर में कलेक्ट्रेट सहित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर उसके मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता सुनिश्चित करने के संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया। जनपद की सभी तहसीलों और विकासखंडों में भी संविधान दिवस मनाया गया। विभिन्न कार्यालयों में कर्मचारियों ने प्रस्तावना का पाठ किया।

वहीं, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के मूट कोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।

छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है और इसके मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में विधि के विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक कानूनों के साथ साइबर लॉ और साइबर फॉरेंसिक की समझ भी जरूरी है। डिजिटल साक्ष्यों और फॉरेंसिक तकनीकों में दक्षता हासिल कर विद्यार्थी मामलों की तह तक पहुंचने और उन्हें अधिक सटीकता एवं तेजी से सुलझाने में सक्षम होंगे।

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं के मजबूत आधार हैं। विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

कलेक्ट्रेट में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट महीपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय में प्रो. देवराज सिंह, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story