राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर 998.30 करोड़ का बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर : रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर 998.30 करोड़ का बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर : रमेश अवस्थी


कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। “राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर जीटी रोड स्थित गोल चौराहे से रामादेवी चौराहे तक नौ सौ अठानवे करोड़ तीस लाख रुपये की लागत से बनने वाला फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर जाम से बड़ी राहत देगा। इस मार्ग पर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे यात्रा समय घटेगा और यातायात अधिक सुरक्षित बनेगा। यह बातें मंगलवार सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर जीटी रोड स्थित गोल चौराहे से रामादेवी चौराहे तक फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए नौ सौ अठानवे करोड़ तीस लाख रुपये की लागत को स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना कानपुर महानगर की वर्षों पुरानी जाम समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

यह मार्ग शहर का सबसे व्यस्त हिस्सा है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। मार्ग पर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग के कारण बार-बार जाम लगता है, जिससे आम लोगों के साथ ही व्यापारी, विद्यार्थी, कर्मचारी और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लोग प्रभावित होते हैं। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से रेलवे फाटक बंद रहने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और ट्रैफिक निर्बाध रूप से ऊपर से गुजर सकेगा।

सांसद रमेश अवस्थी ने 12 दिसंबर 2024 को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस परियोजना का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद फरवरी 2025 में परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता नियुक्त कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई गई। 31 जनवरी 2026 को सांसद ने दोबारा मुलाकात कर परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया, जिसके बाद मंत्रालय की ओर से वित्तीय मंजूरी और धन आवंटन की जानकारी दी गई।

एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से गोल चौराहा, रामादेवी चौराहा और बीच के प्रमुख जंक्शनों पर लगने वाला ट्रैफिक दबाव कम होगा। इससे आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुगम होगी, औद्योगिक परिवहन को गति मिलेगी और शहर की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story