सीएसजेएमयू : पत्रकारिता के छात्रों ने सीखी ग्राउंड जीरो रिपोर्टिंग

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू : पत्रकारिता के छात्रों ने सीखी ग्राउंड जीरो रिपोर्टिंग


- टीवी रिपोर्टर को तकनीकी जानकारी होनी चाहिए : श्वेता अरोड़ा

- रिपोर्टर में संवेदनशीलता और खबर की समझ का होना जरूरी : डॉ ओमशंकर

- रिपोर्ट करते समय तथ्यों के साथ ईमानदार होना जरूरी : डॉ हरिओम

कानपुर, 07 मार्च (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्विद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में शनिवार को चल रही दो दिवसीय इलेक्ट्रानिक मीडिया कार्यशाला का समापन हो गया। विभागाध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी के नेतृत्व में दो दिनों तक चली इस कार्यशला में पीओपी (प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस) सीनियर प्रोड्यूसर श्वेता अरोड़ा ने पत्रकारिता के छात्रों को ग्राउंड जीरो रिपोर्टिंग की बारीकियां सिखाईं।

डॉ दिवाकर अवस्थी ने बताया कि हैंड्सऑन प्रैक्टिस सेशन में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया। श्वेता अरोड़ा ने रिपोर्टिंग और लाइव के दौरान सामने आने वाली चुनौतिय़ों से लड़ने की कला भी छात्रों को बताई। इस कार्यशाला के दौरान लगभग 50 ट्राईपॉड और कैमरों के बीच पत्रकारिता विभाग के छात्रों ने कैमरामैन एवं रिपोर्टर की भूमिका में लाइव रिपोर्टिंग, पीटीसी आदि का रिहर्सल किया। छात्र–छात्राओं को ऑन द स्पॉट एक विषय दिया गया था, जिसमें छात्रों ने उस विषय पर ग्राउंड रिपोर्टिग की और वहां मौजूद लोगों से बाइट भी ली। छात्र-छात्राओं को जो विषय दिए गए पीटीसी के लिए उसमें राजनैतिक गतिविधि, खेल, मनोरंजन, ईरान अमेरिका युद्ध,स्थानीय मुद्दे और कई समाजिक घटनाएं शामिल रही।

श्वेता अरोड़ा ने छात्रों को बताया कि ग्राउंड रिपोटिंग करते समय दिमाग में स्क्रिप्ट तैयार रखें। इसके साथ ही आसान शब्दों का प्रयोग करें। उन्होंने शब्दों के सही उच्चारण पर जोर दिया। कार्यशाला के समन्वयक डॉ ओमशंकर गुप्ता ने कहा कि छात्रों को रोज दो से तीन अखबारों को जरूर पढ़ना चाहिए और रोज कम से कम 100 नए शब्दों को लिखना समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्टर में खबरों को लेकर संवेदनशील होना बहुत जरूरी है। डॉ हरिओम ने कहा कि रिपोर्टर को तथ्यों को लेकर ईमनदार होना चाहिए। कार्यशाला में डॉ जितेंद्र डबराल, प्रेमकिशोर शुक्ला, डॉ. रश्मि गौतम, डॉ. हरिओम कुमार, अजीत सिंह समेत सभी फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

Share this story