उद्यमियों ने बैठक उठाई बिजली, सड़क की समस्या, जिलाधिकारी ने कार्रवाई के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उद्यमियों ने बैठक उठाई बिजली, सड़क की समस्या, जिलाधिकारी ने कार्रवाई के दिए निर्देश


महोबा, 28 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा में जनपद स्तरीय उद्योग तथा व्यापार बंधु की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें उद्यमियों द्वारा विद्युत की समस्या, एनएचएआई के रोड का कार्य व अवैध खनिज परिवहन से संबंधित कार्य तथा कबरई क्षेत्र में क्रेशर एरिया में आवासीय भवन बनाए जाने के प्रकरण प्रस्तुत किए गए। डीएम ने उद्यमियों को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग तथा व्यापारी बंधु की बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज द्वारा विद्युत विभाग, एनएचएआई छतरपुर, वरिष्ठ खान अधिकारी तथा सदर उपजिलाधिकारी को कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उद्यमियों द्वारा कबरई कस्बे में बुंदेलखंड विकास निगम द्वारा बांदा तिराहे में अधिग्रहित भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण तथा उद्यमियों को क्रेशर के भंडारण हेतु लाइसेंस प्राप्त करने में चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को समाप्त करने के संबंध में प्रकरण प्रस्तुत किए गए।

जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों से वस्तु स्थिति की जानकारी हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए जिससे उक्त प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही कराई जा सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त व्यापार कर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। उद्यमी तथा व्यापारी संगठनों की तरफ से देवेंद्र मिश्रा, रघुराज सिंह, भागीरथ नगायच, राम जी गुप्ता, मनु गुप्ता समेत अन्य व्यापारियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए उद्योग व्यापार हित में अनेक मुद्दों पर डीएम का ध्यानाकर्षण कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story