विद्युत करंट चपेट में आने से दो गाय की मौत
देवरिया, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के धनौती खुर्द गांव में शनिवार सुबह खेत में झूल रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।
गांव निवासी हृदयानंद यादव की दो गायें शनिवार सुबह करीब नौ बजे खेत में चरने गई थीं। इसी दौरान खेत के ऊपर नीचे की ओर झूल रहे हाईटेंशन बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार पिछले लगभग एक महीने से नीचे झूल रहा था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बरियारपुर क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं, जिससे लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते तार की मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा टल सकता था।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सिटी संजय रेड्डी, सदर कोतवाल राकेश कुमार राय और नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि खेत में चर रही दो गायों की करंट लगने से मौत हुई है। जेई के अनुसार हाईवे बाईपास निर्माण के दौरान दो दिन पहले एक बिजली पोल झुक गया था, जिसके कारण तार नीचे लटक गया। उन्होंने बताया कि संबंधित जेई को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही नया पोल लगाकर तारों को दुरुस्त कराया जाएगा और पीड़ित पशुपालक को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

