एम्स गोरखपुर से दिया गया स्तनपान और एचपीवी से बचाव के टीकाकरण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
एम्स गोरखपुर से दिया गया स्तनपान और एचपीवी से बचाव के टीकाकरण का संदेश


गोरखपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर से शुक्रवार को स्तनपान और एचपीवी से बचाव के टीकाकरण का मजबूत संदेश दिया गया। विश्व स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पं. दीन दयाल उपाध्याय गोविवि, स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस के प्रतिनिधियों के साथ कई स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण भी शामिल हुए। वहीं, एचपीवी टीकाकरण संबंधी में बैठक में चरगांवा ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और विभिन्न चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधिगण ने भी हिस्सा लिया। विश्व स्तनपान सप्ताह सम्बन्धी कार्यक्रम को एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. विभाग दत्ता ने संबोधित किया।

कार्यकारी निदेशक डॉ. दत्ता ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्तनपान शिशु को संपूर्ण पोषण देता है। यह शिशु की विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षा करता है और मस्तिष्क के समुचित विकास में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि स्तनपान मां और शिशु दोनों के लिए दीर्घकालिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। डॉ. दत्ता ने विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान एम्स गोरखपुर और समुदाय के बीच हुए कार्यक्रमों की प्रशंसा की और कहा कि इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने कहा कि समुदाय के बीच स्तनपान को लेकर व्याप्त मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। गर्भावस्था से ही महिलाओं को स्तनपान की महत्ता के बारे में जानकारी देने की भी जरूरत है ताकि प्रसव के तुरंत बाद शिशु को मां का गाढ़ा पीली दूध मिल सके।

आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव मिश्र ने कहा कि समुदाय के मन का भ्रम दूर करने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं जिससे जिले में स्तनपान की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर हुई है।

कार्यशाला को एम्स गोरखपुर की बाल रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. महिमा मित्तल और स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. शिखा सेठ सहित कई विषय विशेषज्ञों ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को स्तनपान को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। साथ ही विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान की गतिविधियों का दस्तावेजीकरण देखा गया एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

एचपीवी टीकाकरण का संकल्प लिया गया

एचपीवी से बचाव के टीकाकरण संबंधी सत्र में सभी लोगों ने जन-जन तक इस टीके का महत्व पहुंचाने का संकल्प लिया। चरगांवा की ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह ने ड्रिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेशन मीटिंग के दौरान कहा कि उनका प्रयास होगा कि अपने क्षेत्र में अधिकाधिक लोगों तक एचपीवी से बचाव के टीके की महत्ता की जानकारी दी जाए। एम्स गोरखपुर से डॉ. शिखा सेठ, डॉ. आनंद मोहन दीक्षित, स्वास्थ्य विभाग से सीएमओ गोरखपुर डॉ. राजेश झा और गोविवि से डॉ. दिव्या रानी सिंह सहित आईएमए और आईपीए के पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यूपीटीएसयू और जपाइगो संस्था ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

जिला स्वास्थ्य समिति ने किया सम्मानित

जिला स्वास्थ्य समिति की तरफ से एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन के लिए एम्स गोरखपुर की डॉ. महिमा मित्तल, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए डॉ. शिखा सेठ, एचपीवी से बचाव के टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर गोविवि की डॉ. दिव्या रानी सिंह को सम्मानित किया गया। एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता और सीएमओ गोरखपुर डॉ. राजेश झा ने उन्हें सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story