कार की टक्कर से वृद्धा की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

WhatsApp Channel Join Now
कार की टक्कर से वृद्धा की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार


कार की टक्कर से वृद्धा की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बा में रविवार को सड़क किनारे बैठी एक वृद्धा की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार घायल महिला को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी 71 वर्षीय नन्हकी रविवार दोपहर एक सत्संग कार्यक्रम से लौट रही थीं। पतारा कस्बा स्थित स्टेशन रोड के पास एक स्कूल के बाहर वह सड़क किनारे बैठी थीं। इसी दौरान एक काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने ब्रेक लगाने के दौरान नियंत्रण खो दिया और कार वृद्धा से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद कार सवार घायल वृद्धा को तत्काल पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कार सवार वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घाटमपुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर खुर्शीद अहमद ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story