बुजुर्ग ने 14वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
बुजुर्ग ने 14वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या


मथुरा, 01 नवम्बर (हि.स.)। वृंदावन स्थित पॉश इलाके रुक्मणी बिहार की हाई-राइज सोसाइटी संस्कार सिटी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दिल्ली के रहने वाले 67 वर्षीय एक बुजुर्ग ने सोसाइटी की 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हादसे में शव के अवशेष कई फीट दूर तक बिखर गए, जिससे मौके पर सनसनी फैल गई।

दिल्ली के दिलशाद गार्डन निवासी अशोक कपूर (67 वर्ष) अपनी पत्नी सोनिया कपूर के साथ पिछले 8 महीनों से संस्कार सिटी के पास स्थित पारस प्राइड सोसाइटी में रह रहे थे। इसी दौरान उनकी नजदीक की संस्कार सिटी सोसाइटी निवासी महेंद्र मनोचा से दोस्ती हो गई थी।

रविवार को अशोक कपूर अपने दोस्त महेंद्र मनोचा के फ्लैट (नंबर 1420) पर उनसे मिलने गए थे। वह लिफ्ट से 14वीं मंजिल पर पहुंचे और दोस्त से मिले बिना ही वहां की बालकनी से छलांग लगा दी। गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के गार्ड और अन्य कर्मचारी मौके पर दौड़े, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव के अवशेष लगभग 50 मीटर के दायरे में फैल गए और सिर घटनास्थल से काफी दूर एक पेड़ के पास जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया कपूर तुरंत मौके पर पहुंचीं। पति के क्षत-विक्षत शव को देखकर वह पूरी तरह बदहवास हो गईं। कभी वह दिल्ली में रह रहे अपने बेटे को फोन करतीं तो कभी सदमे से बेहोश हो जातीं। मौके पर मौजूद लोगों और अशोक के दोस्त महेंद्र व उनकी पत्नी ने उन्हें सांत्वना दी और संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सीओ वृंदावन संदीप सिंह और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बिखरे हुए शव के अवशेषों को एकत्रित कर बैग में पैक किया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मृतक की पत्नी सोनिया ने बताया कि अशोक कपूर पिछले 4 साल से गंभीर डिप्रेशन (अवसाद) के शिकार थे। उनका 3 साल तक दिल्ली के अस्पताल में इलाज भी चला था और वर्तमान में एक निजी चिकित्सक से उनका इलाज चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story