घर में फंदे से लटका मिला बुजुर्ग का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
घर में फंदे से लटका मिला बुजुर्ग का शव, पुलिस जांच में जुटी


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत के सोमवार को एक बुजुर्ग का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान कामता प्रसाद (85) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे। करीब एक वर्ष पहले जांच में बीमारी की पुष्टि हुई थी। संक्रमण फैलने की आशंका के कारण उनका ऑपरेशन नहीं हो सका और तब से दवाओं के सहारे इलाज चल रहा था। बीमारी के चलते उन्हें लगातार गले में तेज दर्द रहता था।

आज जब उनकी पौत्री तन्वी खाना देने के लिए पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अंदर देखा तो बुजुर्ग का शव पंखे से लटका मिला। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी दयावती का करीब दस वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। परिवार में उनके तीन विवाहित बेटे सुशील कुमार, सुनील कुमार और संतोष कुमार हैं।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। यदि परिजनों की ओर से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story