किडनी की बीमारी से ग्रसित बुजुर्ग ने नौवी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
नोएडा, 27 मई (हि.स.)। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 100 स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट की नौवी मंजिल से कूदकर 65 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। मृतक काफी दिनों से किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बुधवार को बताया कि परमजीत सिंह पुत्र निरंजन सिंह उम्र 65 वर्ष ए-37 सेक्टर 35 में रहते थे। उनका लोट्स बुलवर्ड सोसायटी सेक्टर 100 में एक फ्लैट है। बुधवार की रात को उन्होंने अपने सेक्टर 100 स्थित फ्लैट के नौवें फ्लोर से कूदकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक काफी दिनों से किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। उन्होंने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण किया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लग रही है। बताया जाता है कि मृतक के दो बेटे हैं। उनकी पत्नी का देहांत हो चुका है। उनकी सेक्टर 8 में एक फैक्ट्री है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

