थिनर डालकर बुजुर्ग ने खुद को लगाई आग, मौत

WhatsApp Channel Join Now
थिनर डालकर बुजुर्ग ने खुद को लगाई आग, मौत


कानपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र के सावित्री नगर में गुरुवार को एक रिटायर्ड सिंचाईकर्मी ने छत पर ज्वलनशील पदार्थ थिनर डालकर खुद को आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को बचाने के लिए पड़ोसी अपनी छत से नीचे कूदकर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कांशीराम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक राम रतन साहू (72) मूलरूप से नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले थे और सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर दफ्तरी थे। वह अक्टूबर 2014 में सेवानिवृत्त हुए थे और सावित्री नगर में अपनी बड़ी बेटी और दामाद के साथ रहते थे।

परिजनों के अनुसार, आज राम रतन घर की छत पर पहुंचे और थिनर डालकर खुद को आग लगा ली। छत का दरवाजा बंद होने के कारण परिजन तत्काल उनके पास नहीं पहुंच सके। आग की लपटें और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई।

पड़ोसी सुरजीत तिवारी ने बताया कि वह सो रहे थे। चीख सुनकर उनकी आंख खुली तो छत पर पहुंचे और राम रतन को आग की लपटों से घिरा देखा। उन्हें बचाने के लिए सुरजीत अपनी छत से करीब 10 फीट नीचे राम रतन की छत पर कूद गए। उन्होंने छत का दरवाजा खोला, जिसके बाद परिजन भी पहुंच गए और पाइप से पानी डालकर आग बुझाई।

मौके पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। सुसाइड नोट में राम रतन ने अपनी तबीयत और मानसिक उलझन का जिक्र करते हुए लिखा है कि उनकी मौत के लिए किसी से कोई विवाद या लेन-देन जिम्मेदार नहीं है और वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहे हैं।

परिजनों ने बताया कि राम रतन की पत्नी मिथलेश ने भी घरेलू विवाद के चलते मार्च 2014 में आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। राम रतन की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी के साथ वह रह रहे थे।

एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बरामद सुसाइड नोट को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story