मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे वृद्ध काे बोलेरो ने मारी टक्कर, माैत

WhatsApp Channel Join Now
मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे वृद्ध काे बोलेरो ने मारी टक्कर, माैत


मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे वृद्ध काे बोलेरो ने मारी टक्कर, माैत


जौनपुर,13 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर बाजार में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से 65 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे स्थित एक मकान का दरवाजा तोड़ते हुए अंदर घुस गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित चालक की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर काफी देर तक वाहन को हटाने नहीं दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

राजेपुर गांव निवासी हौसिला मिश्र (65) पुत्र स्वर्गीय लालता मिश्र रामेश्वरम मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे। बाजार में गुलाब मौर्य की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि एक बोलेरो अनियंत्रित होकर उनकी साइकिल को टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल गई। इसके बाद वाहन विद्या सिंह के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जा घुसा। संयोगवश उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो को वीरेंद्र कुमार पुत्र रामजीत निवासी भगरी चला रहा था, जबकि वाहन मालिक मनोज पुत्र लालबहादुर उसके बगल में बैठा था। वीरेंद्र बाजार स्थित एक देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है।घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हौसिला मिश्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।वृद्ध की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपित चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए बोलेरो को पुलिस के कब्जे में लेने का विरोध किया। सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story