यमुना पुल से नदी में कूदा बुजुर्ग, तीन लोगों ने जान जोखिम में डालकर बचाया

WhatsApp Channel Join Now
यमुना पुल से नदी में कूदा बुजुर्ग, तीन लोगों ने जान जोखिम में डालकर बचाया


बांदा, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में तिंदवारी क्षेत्र के बेंदा घाट स्थित यमुना पुल पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने अचानक पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। नदी के नीचे मौजूद तीन लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप कुमार पटेल के मुताबिक, तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव निवासी छोटेलाल पुत्र जगतपाल मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका ग्वालियर में इलाज चल रहा है। गुरुवार को वह इलाज के सिलसिले में फतेहपुर जा रहे थे। उन्हें तिंदवारी में रिसीव करने के लिए फतेहपुर जिले के दत्तौली गांव निवासी श्याम सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह भी आ रहे थे।

बताया गया कि छोटेलाल बस से बेंदा पुल से पहले उतर गए और पैदल पुल की ओर पहुंचने के बाद अचानक यमुना नदी में छलांग लगा दी। उनके साथ मौजूद रिश्तेदारों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नदी में कूद गए। घटना के समय नदी के नीचे मौजूद छेद्दू प्रसाद, आले और रामसनेही ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी छेद्दू प्रसाद के अनुसार, उन्हें ऊपर से नदी में किसी के कूदने की आवाज सुनाई दी। पानी में एक व्यक्ति को डूबता देख तीनों तत्काल नदी में उतर गए और उसे बचाने में जुट गए। करीब 15-20 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने छोटेलाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बचाव के बाद छोटेलाल को उपचार के लिए तिंदवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई। बेंदा घाट चौकी पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर किसी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बनी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story