बस की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

WhatsApp Channel Join Now
बस की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान तोड़ा दम


कानपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र में चार दिन पहले तेज रफ्तार मिनी बस की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए स्कूटी सवार बुजुर्ग की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से उनका हैलट अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

महाराजपुर थाना क्षेत्र के छछमरा गांव निवासी नीरज मिश्रा (59) एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर थे। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार सुबह रोज की तरह स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकले थे। टिकरा शराब ठेके के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार मिनी बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को पहले नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां लगातार उपचार चलता रहा। सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और शनिवार शाम उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल मिनी बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपित वाहन चालक की तलाश के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story