बंद मकान से दुर्गंध आने पर पहुंची पुलिस, फंदे से लटका मिला बुजुर्ग का शव

WhatsApp Channel Join Now
बंद मकान से दुर्गंध आने पर पहुंची पुलिस, फंदे से लटका मिला बुजुर्ग का शव


कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मसवानपुर में सोमवार को बंद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान का गेट खुलवाकर अंदर जांच की तो कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से बुजुर्ग का शव लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने की आशंका है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

मसवानपुर निवासी भगवानदास वर्मा (55) फिजियोथेरेपिस्ट थे। उनके बड़े भाई सुंदरलाल परिवार के साथ काकादेव के शास्त्री नगर में रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, भगवानदास मसवानपुर स्थित मकान में मधु नाम की महिला के साथ रहते थे। कुछ दिन पहले मधु किसी काम से बाहर चली गई थी। इसके बाद भगवानदास घर में अकेले थे।

आज मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। काफी देर तक घर से किसी के बाहर नहीं निकलने पर पड़ोसियों ने 112 नंबर पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गेट खुलवाकर पुलिस अंदर गई तो कमरे में भगवानदास का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम को दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे और आसपास के स्थानों की जांच की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। उधर, सूचना मिलने पर बड़े भाई सुंदरलाल भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर भगवानदास के पिछले कुछ दिनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनके घर में अकेले रहने और साथ रहने वाली महिला के बाहर जाने की परिस्थितियों को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है।

थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि मकान से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस पहुंची ताे देखा कि भगवानदास का शव फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story