सड़क हादसे में घायल वृद्ध की अस्पताल में मौत
देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार थाना क्षेत्र में बीती रात इंदिरा नगर निवासी 52 वर्षीय वासदेव पटेल अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हाे गये। उपचार के दाैरान उनकी मौत हो गई। दो दिन पहले ही वासदेव पटेल के परिवार में एक युवक की शादी हुई थी और घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
लार थानेदार राकेश सिंह के अनुसार यह हादसा भाटपार–चनुकी मार्ग पर गांधी मोड़ के समीप हुआ। वासदेव पटेल किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामनगर जा रहे थे। जैसे ही वे मुख्य मार्ग पर गांधी मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय क्षेत्र में आंधी-पानी के कारण सन्नाटा पसरा हुआ था, जिससे काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ सकी। बाद में स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

